रेडियंट पब्लिक स्कूल में नवनिर्मित क्रिकेट और फुटबॉल ट्रफ का उद्घाटन

डोईवाला- रेडियंट पब्लिक स्कूल प्रेमनगर बाजार परिसर में रविवार को नवनिर्मित रेडिएंट अरेना क्रिकेट और फुटबॉल ट्रैफ का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक रीति-रिवाज से हवन-पूजन के साथ हुई, जिसमें स्कूल स्टाफ, अभिभावकों व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
मुख्य अतिथि संयुक्त आयकर आयुक्त अमरपाल सिंह ने फीता काटकर और फुटबॉल पर हिट मारकर ट्रैफ का विधिवत शुभारंभ कर कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान रूप से महत्व दिया जाना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक रूप से फिट रखते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना भी विकसित करते हैं।
युवा मोर्चा प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली नेकहा कि स्कूल परिसर में निर्मित आधुनिक रेडिएंट स्पोर्ट्स अरेना छात्रों को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने का अवसर देगा। उन्होंने कहा, यह सिर्फ एक मैदान नहीं, बल्कि बच्चों की खेल प्रतिभा को दिशा देने का मंच है। शिक्षा के साथ खेल भी उतने ही जरूरी हैं।
स्कूल प्रबंधक रामेश्वर लोधी ने कहा कि खेलों में रुचि रखने वाले बाहरी बच्चे भी इसमें प्रवेश लेकर अरेना की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। इससे क्षेत्र की नई प्रतिभाओं को सामने लाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख नगीना रानी, स्कूल प्रधानाचार्य हंसी अधिकारी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, संपूर्णानंद थपलियाल, उषा कोठारी, माया अधिकारी, कृष्णा तड़ियाल, रूपचंद लोधी, दरपान बोरा, अनीता अग्रवाल, अवतार सिंह सैनी, अजय लोधी के अलावा शिक्षकगण छात्र-छात्राएं मौजूद रहे I



