लच्छीवाला फ्लाईओवर, रेलवे पुल के नीचे और चांदमारी रेलवे फाटक पर सड़कों के सुधार को लेकर लोनिवि को सौंपा गया ज्ञापन
सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने डामरीकरण और गड्ढों के भरान की रखी मांग, लोनिवि ने शीघ्र कार्यवाही का दिया भरोसा
डोईवाला- लच्छीवाला फ्लाईओवर, रेलवे पुल के नीचे और चांदमारी रेलवे फाटक पर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर वार्ड नंबर 20 के सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के सहायक अभियंता सुरेंद्र नेगी को ज्ञापन सौंपा।
कोठारी ने कहा कि बरसात समाप्त हो चुकी है, लेकिन फ्लाईओवर और रेलवे फाटक के नीचे की सड़कों की स्थिति अभी भी बेहद खराब है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों को घायल होने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने मांग की कि लच्छीवाला फ्लाईओवर और चांदमारी रेलवे फाटक के नीचे डामरीकरण व गड्ढों के भरान का कार्य तत्काल शुरू किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
लोनिवि के सहायक अभियंता सुरेंद्र नेगी ने कहा कि विभाग द्वारा वर्तमान में मुख्य मार्गों पर सुधार कार्य चल रहा है। जैसे ही आदेश प्राप्त होंगे, लच्छीवाला और चांदमारी फाटक क्षेत्र में भी कार्य को तुरंत सुचारू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि सभी प्रमुख मार्गों को जल्द से जल्द ठीक किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।