
विक्रम यूनियन की बैठक में बड़ा फैसला,बिना मतदान हुए चुनाव का जोरदार विरोध,
विक्रम स्वामियों के दबाव में कार्यकारिणी भंग, नए चुनाव की घोषणा
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला- विक्रम यूनियन से जुड़ी अहम बैठक प्रताप यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के करीब 60 विक्रम स्वामी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य मुद्दा एक वर्ष पूर्व बिना वोटिंग कराए गए चुनाव रहे, जिसे लेकर विक्रम स्वामियों में लंबे समय से असंतोष बना हुआ था।
बैठक के दौरान सभी विक्रम स्वामियों ने एक स्वर में कहा कि बिना मतदान के कराए गए चुनाव न केवल नियमों के विरुद्ध हैं, बल्कि यह यूनियन की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हैं। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि ऐसे चुनाव को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और यूनियन को मनमाने तरीके से चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगनी चाहिए।
इस दौरान कार्यकारिणी को भंग करने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर लगभग 50 विक्रम स्वामियों ने खुलकर समर्थन किया। जैसे-जैसे विरोध तेज होता गया, वैसे-वैसे बैठक का माहौल गर्माता चला गया। आरोप है कि इस स्थिति को देखते हुए प्रताप यादव सहित यूनियन में गलत तरीके से चुने गए करीब 5 से 7 सदस्य बैठक को बीच में ही छोड़कर चले गए।
बैठक में मौजूद उप प्रधान ने विक्रम स्वामियों के भारी समर्थन और गुस्से को देखते हुए महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए एक वर्ष पूर्व गठित कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा कर दी। उप प्रधान ने कहा कि यूनियन में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी विक्रम स्वामियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए नए सिरे से चुनाव कराए जाएंगे।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि आगामी चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कराए जाएंगे और इसकी तिथि शीघ्र ही सभी विक्रम स्वामियों को सूचित कर दी जाएगी। बैठक के अंत में विक्रम स्वामियों ने निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग दोहराई और कहा कि यूनियन को सभी के हित में नियमों के अनुसार चलाया जाना चाहिए।
कार्यकारिणी भंग होने और चुनाव की घोषणा के बाद विक्रम स्वामियों में संतोष का माहौल देखने को मिला। सभी ने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव यूनियन को नई दिशा देंगे और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता दोबारा नहीं होने दी जाएगी।
इस दौरान आशीष, पवन कुमार पाल, योगेश पाल, मनीष कुमार, वीर सिंह,, अमित कुमार, सुरेंद्र पाल आदि काफी संख्या में मौजूद रहे I



