
देहरादून (शुक्रवार 19 जून 2026) त्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ की प्रान्तीय बैठक गोवर्द्धन सरस्वती विद्या मन्दिर, धर्मपुर, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक-
प्रदेश के समस्त जनपदों से आए प्रदेश पदाधिकारियों, जनपदीय अध्यक्षों, मंत्रियों, कोषाध्यक्षों, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में शिक्षक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्रीमती दीप्ती रा उपवत भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी के उद्बोधन से हुआ। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री दीपक जोशी, प्रदेश अध्यक्ष, सचिवालय संघ, देहरादून तथा श्री अरुण पाण्डेय, प्रदेश अध्यक्ष, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखण्ड ने भी शिक्षकों की न्यायोचित मांगों का समर्थन करते हुए संगठन को हरसंभव सहयोग का विश्वास दिलाया।
प्रदेश महामंत्री डॉ. महावीर सिंह बिष्ट ने संगठन की गतिविधियों, वर्तमान परिस्थितियों एवं सरकार को प्रेषित 28 सूत्रीय मांगपत्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा लंबे समय से लंबित विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, जिनमें प्रमुख रूप से सहायता प्राप्त विद्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्तियाँ, एलटी एवं प्रवक्ता शिक्षकों की नियुक्ति, डाउन ग्रेड प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति , 413 तदर्थ शिक्षको का विनियमितिकरण , पीटीए मानदेय वृद्धि , बिना मानदेय के पीटीए शिक्षको को मानदेय प्रदान करना , तदर्थ से विनियमित शिक्षको के चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की विसंगतियों का निराकरण, पदोन्नति, सेवा सुरक्षा, एनपीएस खातों का पीआरएएन के माध्यम से स्थानांतरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राजकीय कर्मचारियों के समान सेवा सुविधाएँ, उपार्जित अवकाश का नगदीकरण, समूह बीमा योजना का लाभ, अशासकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु पर्याप्त वित्तीय सहायता तथा उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा अधिनियम एवं विनियमों में आवश्यक संशोधन सहित अन्य लंबित मांगें शामिल हैं।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं शिक्षक प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से मांगपत्र का समर्थन करते हुए राज्य सरकार से इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक एवं प्रभावी निर्णय लेने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों का संबंध केवल शिक्षकों के हितों से ही नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने से भी है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि राज्य सरकार शीघ्र ही संगठन के 28 सूत्रीय मांगपत्र पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती है, तो उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ चरणबद्ध प्रदेशव्यापी आन्दोलन प्रारम्भ करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
अन्त में प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र कुमार मिश्रा ने सभी मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों, प्रदेश एवं जनपदीय पदाधिकारियों तथा उपस्थित शिक्षक प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा हेतु निरन्तर संघर्षरत रहने का आह्वान किया। बैठक में डा0 अनिल शर्मा, प्रदीप त्यागी , राजेश सैनी , अवधेश सेमवाल , दिग्पाल गड़िया, अश्वनी गुप्ता, आलोक जोशी,जगदीश चौहान , सुरेन्द्र रावत , ,संदीप रावत,नारायणी बिष्ट, शकुन्तला रावत,ओम प्रकाश काला, प्रमिला शर्मा, नीमा रावत, रश्मि काला,रंजना बिष्ट, सुदेश सहगल आदि उपस्थित थे