
मतदाता सूची अपडेट अभियान को गति, वार्ड 10 में सक्रियता बढ़ी
एसआईआर के तहत घर-घर फॉर्म भरवाने का काम तेज, लोगों से समय पर आवेदन की अपील
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला (चमन लाल मंगलवार 23जून 2026)
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में मतदाता सूची को दुरुस्त करने का कार्य तेज कर दिया गया है। वार्ड नंबर 10 में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से नाम जोड़ने, संशोधन और सत्यापन के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

वार्ड सभासद ईश्वर रौथाण
स्वयं क्षेत्र में जाकर लोगों को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। उनके प्रयासों से बीएलओ और संबंधित कर्मचारी घर-घर पहुंचकर फॉर्म संकलन कर रहे हैं, जिससे अभियान को गति मिली है। नागरिकों को यह भी बताया जा रहा है कि समय पर आवेदन न करने से बाद में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि एसआईआर अभियान शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता से संचालित हो रहा है। प्राप्त आवेदनों की जांच नियमानुसार की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे तय समय सीमा में अपने फॉर्म जमा कर मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
प्रशासन के अनुसार, निर्धारित अवधि में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आने वाले चुनावों में सभी पात्र मतदाता निर्बाध रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।



