
करोड़ों की योजना, जनता पर लूट, मारखमग्रांट में जल निगम की लापरवाही बेनकाब
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला- जल संस्थान से जल निगम को सौंपी गई ग्राम पंचायत मारखमग्रांट में पेयजल योजना पूरी तरह फेल साबित हो रही है। करोड़ों रुपये खर्च कर ट्यूबवेल और नई लाइने बिछाई गई है, जोड़े गए नए कनेक्शन लगातार लीक हो रहे हैं। सबसे शर्मनाक बात ये कि विभाग अपनी गलती का खामियाजा अब आम जनता की जेब से वसूल रहा है।
मारखमग्रांट में नई पेयजल लाइनें बिछाने और ट्यूबवेल बनाने का काम शुरू से ही घटिया रहा। ग्रामीणों के विरोध के बाद जल्दबाजी में कनेक्शन जोड़े गए, पर काम में कोई गुणवत्ता नहीं दिखी। नतीजा, कनेक्शन लगते ही यह कनेक्शन लीक होने लगे। पहले विभाग ने खानापूर्ति के लिए कुछ दिन यह कनेक्शन मुफ्त में ठीक किये, लेकिन अब साफ मना कर दिया। अब लीकेज सुधारने के लिए लेबर का पैसा और सामान सब उपभोक्ता को ही खरीदना पड़ रहा है।

जल निगम की मनमानी यहीं खत्म नहीं हुई। हर उपभोक्ता के बिल में जबरन 700 रुपये सरचार्ज जोड़ दिया गया। वहीं पिछले करीब 10 महीने से बिल ही नहीं भेजा गया। विभाग की इस लापरवाही से लोगों को अब एक साथ मोटा बिल भरने का डर सता रहा है।
कुल मिलाकर करोड़ों खर्च करने के बाद भी मारखमग्रांट को कनेक्शन लिकीज की वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल निगम की नाकामी और वसूलीबाजी से जनता उबल रही है। मारखम ग्रांट प्रथम से क्षेत्र पंचायत सदस्य आशिया परवीन ने विभाग से तत्काल लीकेज मुफ्त में ठीक कराने, अवैध सरचार्ज वापस लेने और बकाया बिलों को किस्तों में लेने की मांग की है।



