
*एसडीआरएफ का सफल रेस्क्यू अभियान, नदी के बीच टापू पर फंसे व्यक्ति को निकाला सुरक्षित।*
भास्कर इंडिया लाइव
ऋषिकेश। सोमवार 20 जुलाई, 2026 को 112 DAD देहरादून से सूचना प्राप्त हुई कि आवास विकास, वीरभद्र मार्ग (सैंड नंबर-4), ऋषिकेश क्षेत्र में एक व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंसा हुआ है तथा तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता है।
सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से अपर उप निरीक्षक विजेंद्र कुड़ियाल के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम ने आपदा राहत दल एवं जल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए त्वरित एवं सुनियोजित रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने नदी के बीच टापू पर फंसे विनोद सिंह (50 वर्ष) को सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विनोद सिंह रामझूला क्षेत्र के निकट पैर फिसलने के कारण नदी में बह गए थे, जिसके बाद वह त्रिवेणी घाट के सामने बने टापू पर फंस गए। रेस्क्यू के उपरांत उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण हेतु जिला पुलिस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।



