
*एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में आयोजित हुआ निःशुल्क चिकित्सा शिविर, एसडीआरएफ कार्मिकों व परिवारजनों ने उठाया स्वास्थ्य लाभ*
भास्कर इंडिया लाइव
जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं रोगों की शीघ्र पहचान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जॉलीग्रांट में आज सोमवार 20 जुलाई 2026 को एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर में कुल 180 से अधिक लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि विभिन्न लैब जांचें संपन्न की गईं। डॉ. लाल पैथलैब के सौजन्य से सभी आवश्यक पैथोलॉजी जांचें उचित दरों पर उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में डॉ लाल पैथ लैब के फिजिशियन एवं राही नेत्र धाम के नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण भी किया गया। शिविर में एसडीआरएफ के फार्मासिस्ट श्री नरेन्द्र पंवार के साथ ही समस्त पैरामेडिक्स स्टाफ भी उपस्थित रहा।
इस अवसर पर उप सेनानायक श्री शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक श्री संजय उप्रेती सहित एसडीआरएफ के अन्य अधिकारी एवं कार्मिक भी उपस्थित रहे तथा चिकित्सा शिविर में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
शिविर में एसडीआरएफ के कार्मिकों, उनके परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण एवं विभिन्न लैब जांचों का लाभ उठाया। शिविर के माध्यम से लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान एवं उचित उपचार के प्रति जागरूक भी किया गया।
एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम संस्था की सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा एवं मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करते हैं। आपदा प्रबंधन के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में भी एसडीआरएफ की सक्रिय भूमिका समाज के प्रति उसकी संवेदनशील कार्यशैली का परिचायक है।



