
एसडीआरएफ की सतर्कता से बची किशोर की जिंदगी”।
गंगा में डूब रहे 16 वर्षीय किशोर की एसडीआरएफ ने बचाई जान, त्वरित रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
भास्कर इंडिया लाइव
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर एसडीआरएफउत्तराखण्ड की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक 16 वर्षीय किशोर की जान बचाकर बड़ा हादसा टाल दिया। गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आए नोएडा निवासी मयंक शर्मा को ड्यूटी पर तैनात एसडीआरएफ के जवान नितेश खेतवाल एवं उनकी टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार मयंक शर्मा गंगा में स्नान कर रहा था, तभी वह अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवान नितेश खेतवाल ने नदी में छलांग लगाकर किशोर तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। टीम के अन्य सदस्यों ने पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा और समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित हादसा टल गया।
एसडीआरएफ के सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने टीम के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से अपील की कि वे गंगा सहित अन्य जलधाराओं में अनावश्यक रूप से प्रवेश न करें, केवल अधिकृत घाटों पर ही स्नान करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या एस डीआरएफ को सूचना देकर प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।



