
मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती पर पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में विविध कार्यक्रम आयोजित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला,चमन लाल शुक्रवार 31अगस्त 2026
पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती एवं अमर शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चार्ट प्रतियोगिता में कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानियों को आकर्षक चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत कर उनकी साहित्यिक विरासत को जीवंत किया। वहीं कक्षा 9 के विद्यार्थियों अलीशा, कार्तिक, कृष्णा और जय ने प्रेमचंद की कालजयी कहानी ‘ईदगाह’ का भावपूर्ण एवं प्रभावशाली मंचन कर उपस्थित सभी लोगों की सराहना प्राप्त की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य समाज की वास्तविकताओं का सजीव चित्रण करता है। उनकी कहानियों में समाज के पीड़ित, वंचित और उपेक्षित वर्ग की वेदना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जो आज भी प्रासंगिक है।
कार्यक्रम संयोजक एवं हिंदी प्रवक्ता अश्वनी गुप्ता ने कहा कि कथाकार मुंशी प्रेमचंद ने अपने साहित्य के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों, शोषण और असमानता के विरुद्ध सशक्त आवाज़ उठाई। उनका साहित्य सत्य, संवेदना और मानवीय मूल्यों का दर्पण है।
इससे पूर्व विद्यालय परिवार ने मुंशी प्रेमचंद की जयंती तथा अमर शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को स्मरण किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक भुवनेश वर्मा, आलोक जोशी, अश्वनी गुप्ता, ओमप्रकाश काला, विवेक बधानी, अवधेश सेमवाल, तेजवीर सिंह, राधा गुप्ता, श्यामानंद, अर्चना पाल, अनीता बलोदी, चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रही



