
हरेला महाअभियान: 18 हजार पौधों का लक्ष्य पार, ग्राम पंचायत शिमलास ग्रांट में आज 251 फलदार व छायादार पौधे रोपे गए
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला- चमन लाल शुक्रवार 31अगस्त 2026
उत्तराखंड की देवभूमि में हरेला पर्व के अवसर पर चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। ग्राम पंचायत शिमलास ग्रांट में शुक्रवार को 251 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही अभियान के दौरान अब तक 18 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं।
इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रेमी दर्पण बोरा कर रहे हैं। उनके साथ पर्यावरण संरक्षण टीम, पूर्व सैनिक संगठन, किसान मंच, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, नगर पालिका प्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर पौधारोपण किया।
कार्यक्रम में पुनीत कुमार लोधी, विजय कुमार, अमित कुमार (प्रधान) सहित अनेक किसान एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान अमरूद, नाशपाती, आम, कटहल, अशोक सहित अन्य उच्च गुणवत्ता वाले फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। अभियान के लिए पौधों को ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया गया।
पर्यावरण प्रेमी दर्पण बोरा ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे लगाए जा रहे फलदार वृक्ष भविष्य में राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे निस्वार्थ भाव से इस महाअभियान से जुड़ें और “धरती मां को हरा-भरा बनाने” के इस संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



