
सुसवा नदी की बाढ़ से बढ़ा खतरा, हाथी दीवार और सिंचाई नहर क्षतिग्रस्त; ग्रामीणों ने की तत्काल सुरक्षा उपायों की मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला -चमन लाल शुक्रवार 31अगस्त 2026
क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण सुसवा नदी की बाढ़ ने नांगल ज्वाला, बड़ोवाला और सिमलास ग्रांट क्षेत्र में गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। बाढ़ की चपेट में आने से जंगली हाथियों की रोकथाम के लिए बनाई गई हाथी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं सिमलास ग्रांट की सिंचाई नहर भी बाढ़ में टूट गई है, जिससे किसानों के सामने फसलों की सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सुसवा नदी का जलस्तर और बढ़ा तो नांगल ज्वाला पूरा ग्राम पंचायत तथा सिमलास ग्रांट पंचायत के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। क्षेत्र में अभी तक न तो बाढ़ सुरक्षा के लिए तार जाल लगाए गए हैं और न ही मजबूत तटबंध बनाए गए हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
सिमलास ग्रांट की ग्राम प्रधान सुषमा बोरा ने प्रशासन और संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सुसवा नदी के किनारे मजबूत तटबंध और तार जाल लगाए जाएं, ताकि बाढ़ से ग्रामीणों और कृषि भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी मांग की कि क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके।
ग्राम प्रधान ने यह भी कहा कि जंगली जानवरों, विशेषकर हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए बनाई गई हाथी दीवार को टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर दोबारा बनाया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और उनकी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



