
प्रधानमंत्री के संबोधन का डोईवाला महाविद्यालय में हुआ लाइव प्रसारण, छात्र-छात्राओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमन लाल रविवार 2अगस्त 2026
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में रविवार को प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ एनएसएस, एनसीसी तथा रोवर-रेंजर के स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन गंभीरता और उत्साह के साथ सुना।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. एस.के. लाल ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। वहीं प्रभारी प्राचार्या डॉ. संगीता बहुगुणा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहते हुए समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों में प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन डॉ. चंद्रकला टम्टा ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक अमित नेगी, ध्रुव, अरुण तिवारी, सिमरन, भूमि, बृजमोहन, सुनील, दीपिका, बृजेश सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



