
दहेज हत्या के मामले में पति और ननद गिरफ्तार, मृतका का वीडियो बना अहम साक्ष्य
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला -चमन लाल शनिवार 1अगस्त 2026
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या के आरोप में डोईवाला पुलिस ने मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले मृतका द्वारा अपनी मां को भेजा गया वीडियो जांच में अहम साक्ष्य साबित हुआ, जिसमें उसने ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी।
श्रीमती सीमा कण्डारी पत्नी स्व. सुमेर सिंह कण्डारी, निवासी श्रीकोट, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल ने 29 जुलाई 2026 को कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को प्रताड़ित किया जा रहा था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 223/26, धारा 80(2) बीएनएस के तहत सौरभ खत्री समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने क्षेत्राधिकारी डोईवाला वन्दना वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने वादिनी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इसी बीच मृतका की मां ने पुलिस को वह वीडियो उपलब्ध कराया, जो सृष्टि ने घटना से पूर्व उन्हें भेजा था। पुलिस के अनुसार, वीडियो में सृष्टि ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर 1 अगस्त 2026 को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36) और उसकी ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू (37) को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
सौरभ खत्री पुत्र स्व. मनोहर खत्री, निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला, देहरादून।
सुरभि खत्री उर्फ चारू पुत्री स्व. मनोहर खत्री, निवासी उपरोक्त।
पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी वन्दना वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मनोहर सिंह रावत, महिला उपनिरीक्षक नीमा रावत, कांस्टेबल हरीश उप्रेती, कांस्टेबल लाखन सिंह और महिला कांस्टेबल रचना रावत शामिल रहे।



