
नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं ने जाना महाविद्यालय का इतिहास, योजनाएं और भविष्य की संभावनाएं
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्रवृत्ति से लेकर नई शिक्षा नीति, एनसीसी, एनएसएस और कैरियर काउंसलिंग तक दी गई जानकारी
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल बुधवार 5 अगस्त 2026
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, छात्रवृत्ति योजनाओं और विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराने के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. संगीता बहुगुणा ने की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के इतिहास से लेकर नई शिक्षा नीति, समर्थ पोर्टल, परीक्षा आवेदन प्रक्रिया, विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर, एंटी रैगिंग, एंटी ड्रग्स, कैरियर काउंसलिंग तथा सांस्कृतिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. नैथानी ने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय के इतिहास एवं उसकी गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराया। डॉ. देवेश चंद्रा ने मुख्यमंत्री
प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना, निर्धन छात्रवृत्ति, अनुसूचित जाति/जनजाति छात्रवृत्ति सहित अजीज प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी।
डॉ. अनुराग भंडारी ने नई शिक्षा नीति, समर्थ पोर्टल, परीक्षा आवेदन प्रक्रिया और कैरियर काउंसलिंग सेल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. पुष्पा नेगी ने कला संकाय तथा डॉ. पूरन सिंह खाती ने विज्ञान संकाय में संचालित विषयों एवं उनके भविष्य की संभावनाओं के बारे में बताया।
डॉ. जोशी ने प्रॉक्टोरियल बोर्ड एवं महाविद्यालय के अनुशासन संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. वल्लरी कुकरेती ने एनसीसी एवं काउंसलिंग, डॉ. पंवार ने समाजशास्त्र, रोवर-रेंजर एवं एंटी रैगिंग तथा डॉ. शिवलाल ने एनएसएस, देवभूमि उद्यमिता एवं एंटी ड्रग्स कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रो. कंचन सिंह ने भूगोल विषय में उच्च शिक्षा एवं रोजगार के अवसरों के साथ ही महाविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में छात्र-छात्राओं को बताया। अजीज प्रेमजी फाउंडेशन की सदस्य श्रीमती चंद्रकला ने छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में महाविद्यालय की 67 छात्राओं को अजीज प्रेमजी छात्रवृत्ति का लाभ दिया जा चुका है।
“बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करें”
प्रभारी प्राचार्य प्रो. संगीता बहुगुणा ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में ऊंचे सपने देखने, लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन, धैर्य एवं ईमानदारी को अपना मूलमंत्र बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि एनसीसी, एनएसएस, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अंजली वर्मा ने किया। अंत में प्रो. जोशी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. पंकज पांडे, डॉ. संजीव नेगी, डॉ. पूनम पांडे, डॉ. पल्लवी मिश्रा, डॉ. पूनम भूषण, डॉ. पार्वती, डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. मिश्रा, डॉ. अर्जुन रवि, डॉ. चंद्रावती, डॉ. संगीता सिंडोला, डॉ. संगीता रावत, डॉ. चंद्रकला, डॉ. सुदीप्ता, डॉ. कुकरेती सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे। कर्मचारी वर्ग से सविता, शोभा एवं ममता तथा छात्र संघ अध्यक्ष अमित कुमार, उपाध्यक्ष गौरव, महासचिव अमन और यूआर मोहित डंगवाल सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



