
डोईवाला चीनी मिल पहुंचीं राज्य मंत्री विनोद उनियाल, कर्मचारियों की समस्याओं पर दिया समाधान का भरोसा
16 माह से वेतन कटौती और फिटमेंट का मुद्दा उठा, संविदा व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमन लाल,5 अगस्त 2026।
उत्तराखंड की राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती विनोद उनियाल ने बुधवार को डोईवाला चीनी मिल का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। मिल परिसर में पहुंचने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फूलमालाओं और बुके भेंट कर राज्य मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने चीनी मिल की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों से ली। इसके बाद उन्होंने मिल कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया।
कर्मचारियों ने उठाई वेतन कटौती और फिटमेंट की समस्या
चीनी मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने राज्य मंत्री को बताया कि कर्मचारियों के वेतन में पिछले करीब 16 महीनों से 30 से 45 प्रतिशत तक की कटौती की जा रही है। उन्होंने लंबे समय से लंबित फिटमेंट प्रक्रिया को भी लागू करने की मांग की।
वहीं सीटू यूनियन के अध्यक्ष विजय शर्मा ने मिल में कार्यरत संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग रखी।
भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष राममिलन ने पुनरीक्षित वेतनमान में की जा रही कटौती को पूर्व की भांति लागू करने, फिटमेंट प्रक्रिया शुरू करने तथा संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग राज्य मंत्री के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएंगी कर्मचारियों की समस्याएं : विनोद उनियाल
राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सरकार के मंत्री एवं राज्य मंत्री लगातार जनता और कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समस्याओं का समाधान करना और प्रदेश के विकास को गति देना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में है।
उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि चीनी मिल से संबंधित सभी समस्याओं को वह मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगी और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
चीनी मिल परिसर में किया पौधरोपण
वार्ता के बाद राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने चीनी मिल परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और समय-समय पर पौधरोपण करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में गन्ना प्रबंधक दीक्षित, चीफ केमिस्ट सुनील बिष्ट, उप मुख्य रसायनज्ञ आशुतोष अग्निहोत्री, मुख्य लेखाकार सर्वजीत सिंह, सहायक अभियंता मांगेराम, सहायक प्रबंधक अंकित सिंह सहित अनेक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके अलावा चीनी मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सीटू यूनियन अध्यक्ष विजय शर्मा, भारतीय मजदूर संघ अध्यक्ष राममिलन, संघ महामंत्री ओम प्रकाश वर्मा, सोनू विश्वकर्मा, ढाका भाई, अजय यादव, कृष्णपाल शर्मा, अशोक धीमान, अफजल खान, त्रिलोकी प्रसाद, नरेंद्र धीमान, विजय बाली सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।



