
दुधली मार्ग पर दिनदहाड़े गुलदार दिखने की चर्चा, क्षेत्र में दहशत
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल गुरुवार 6अगस्त 2026
लच्छीवाला वन रेंज के अंतर्गत दुधली क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एचपी पेट्रोल पंप के समीप एक गुलदार के मुख्य मार्ग पार करने की सूचना सामने आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे उन्होंने सड़क पर गुलदार को देखा, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से दुधली और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, गुलदार की मौजूदगी कई बार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। लोगों का दावा है कि रात के समय गुलदार आबादी वाले इलाकों के आसपास घूमता दिखाई देता है और कुत्तों समेत छोटे पालतू पशुओं को अपना शिकार बना रहा है।
गुरुवार को दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर गुलदार दिखाई देने की सूचना से स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
क्षेत्रवासियोंने वन विभाग से संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने तथा गुलदार की लगातार हो रही गतिविधियों को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रह सकती है।



