
खेल मैदान के विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, ट्रैक व खेल सुविधाएं विकसित करने की मांग
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल -क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका डोईवाला के अध्यक्ष नंदू नेगी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि आगामी अक्टूबर माह में उत्तराखंड सरकार की ओर से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली ब्लॉक एवं जिला स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं के लिए नगर पालिका क्षेत्र स्थित खेल मैदान को विकसित किया जाना आवश्यक है। इसके लिए खेल मैदान के समतलीकरण सहित कबड्डी मैदान तैयार करने की जिम्मेदारी नगर पालिका स्तर पर सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके साथ ही ब्लॉक प्रमुख गौरव के समक्ष भी खेल मैदान के विकास को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इसमें मैदान में 25 फीट चौड़े ट्रैक, बैडमिंटन कोर्ट तथा रस्साकशी (रस्सी खींच) के लिए अलग मैदान विकसित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
प्रतिनिधिमंडल को संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से खेल मैदान के विकास को लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खेल सुविधाओं के बेहतर विकास से क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राओं और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश पर्यावरण टीम के महासचिव सामाजिक कार्यकर्ता विनोद पाल सूबेदार तथा पर्यावरण प्रेमी एवं टीम अध्यक्ष दर्पण बोहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख का आभार व्यक्त किया।



