
10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को लेकर किसानों ने बनाई रणनीति, केंद्र सरकार पर किसान-मजदूर विरोधी नीतियों का आरोप
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला-चमन लाल
7 अगस्त 2026। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आगामी 10 अगस्त को जिला मुख्यालय देहरादून में प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को डोईवाला गन्ना समिति के किसान भवन में किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार करने के साथ ही किसानों और मजदूरों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।
बैठक की अध्यक्षता किसान सभा डोईवाला मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह ने की, जबकि संचालन मंडल सचिव याकूब अली ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रसाद देवली ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा की केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर 10 अगस्त को देशभर के जिला मुख्यालयों पर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के दौरान केंद्र सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों, विशेषकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी के मुद्दे को अब तक पूरा नहीं किया गया है। इसके अलावा चार श्रम संहिताओं को समाप्त कर पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने, किसानों को गन्ने का लाभकारी मूल्य कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल देने, बिजली बिल-2025 वापस लेने तथा स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग आंदोलन में प्रमुखता से उठाई जाएगी।
देवली ने कहा कि मनरेगा को मजबूत करने और उससे संबंधित प्रावधानों को बहाल करने तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में की गई कटौती वापस लेने समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने अमेरिका के साथ प्रस्तावित किसान विरोधी व्यापार समझौते को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे समझौते किसानों के हितों के लिए गंभीर खतरा हैं।
उन्होंने डोईवाला क्षेत्र में धान क्रय केंद्र खोलने और मंडी का नियमित संचालन किए जाने की मांग भी उठाई। उन्होंने सभी किसानों और मजदूरों से 10 अगस्त को होने वाले जेल भरो आंदोलन में बड़ी संख्या में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक को किसान सभा राज्य कमेटी सचिव मंडल के सदस्य राजेंद्र पुरोहित, किसान सभा जिला अध्यक्ष दलजीत सिंह और जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण किसान लगातार समस्याओं से जूझ रहे हैं और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश के किसान और मजदूर अपनी मांगों को लेकर एकजुट हों। किसानों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को ही एक मजबूत माध्यम बताते हुए उन्होंने 10 अगस्त को देहरादून के गांधी पार्क से प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
बैठक में मारखम ग्रांट से गन्ना समिति के डायरेक्टर तेजपाल सिंह मोंटी, किसान सभा डोईवाला मंडल अध्यक्ष बलवीर सिंह, मंडल सचिव याकूब अली, अनूप कुमार पाल, मलकीत सिंह, जसवीर सिंह, सरजीत सिंह, हरीश कुमार शर्मा, मोहम्मद यामीन, जगजीत सिंह, गुरचरण सिंह, नरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह पाल, हरबंस सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



