
डोईवाला ब्लॉक में पेंशन समाधान शिविर, 200 लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। चमन लाल
वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए डोईवाला ब्लॉक परिसर में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थी पहुंचे, जिनमें करीब 200 लोगों की पेंशन से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
पेंशन की राशि अब डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। ऐसे में कई लाभार्थियों को बैंक खाता, भुगतान एवं दस्तावेजों से संबंधित परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। शिविर में इन समस्याओं का समाधान करने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के पोस्ट ऑफिस में नए खाते भी खोले गए, ताकि पेंशन की राशि सीधे उनके खातों में पहुंच सके।
शिविर का डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है। कई बुजुर्ग और अन्य लाभार्थी लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण परेशान थे। ऐसे में यह शिविर उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि पोस्ट ऑफिस में खाते खुलने से पेंशन भुगतान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम होगी तथा लाभार्थियों को पेंशन के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।
डोईवाला समाज कल्याण अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि समाज कल्याण विभाग पेंशन लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह तत्पर है। शिविर में जिन लाभार्थियों के दस्तावेजों अथवा बैंक खातों में कमियां थीं, उन्हें मौके पर ही दुरुस्त कराया गया। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बिना किसी परेशानी के हर महीने समय पर पेंशन मिल सके। भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
शिविर में बड़ी संख्या में वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लाभार्थी पहुंचे। लाभार्थियों ने मौके पर समस्याओं का समाधान होने पर प्रशासन की पहल की सराहना की।



