
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर शहीद दुर्गा मल्ल महाविद्यालय में कार्यक्रम आयोजित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमन लाल 14 अगस्त ।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला, देहरादून में शुक्रवार को प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट की अध्यक्षता में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समारोहक प्रो. राकेश जोशी के निर्देशन में किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. डी.पी. भट्ट ने छात्र-छात्राओं को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाए जाने के उद्देश्य और इसके ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से सच्चाई एवं कर्तव्य के मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और सकारात्मक रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. रीना और डॉ. पल्लवी मिश्रा ने भारत विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए विभाजन के दौरान आमजन को झेलनी पड़ी कठिनाइयों और पीड़ा की जानकारी साझा की।
प्रो. नवीन नैथानी ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को हमेशा याद किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां इतिहास से सीख ले सकें। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए ही एक सभ्य, संवेदनशील और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है।

‘हर घर तिरंगा अभियान’ की नोडल अधिकारी प्रो. अंजली वर्मा ने तत्कालीन सामाजिक परिस्थितियों तथा विभाजन से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने परिवार से जुड़े व्यक्तिगत अनुभव भी छात्र-छात्राओं के साथ साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-संघ अध्यक्ष अमित कुमार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर अमर शहीदों एवं विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद विभाजन की विभीषिका में दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पुष्पा नेगी ने किया। इस अवसर पर प्रो. संगीता बहुगुणा, प्रो. कंचन सिंह, डॉ. पंवार, डॉ. अखिलेश कुकरेती, डॉ. पूनम भूषण, डॉ. पार्वती, डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. विजय प्रकाश सेमवाल, डॉ. चन्द्रावती, डॉ. चंद्रकला, डॉ. सुदिप्ता कंडारी सहित पूनम भारती, प्राची बहुगुणा, मोहित डंगवाल, अरुण तिवारी, प्रिंस शर्मा, ध्रुव तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



