
भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ परवादून कांग्रेस का सत्याग्रह, धर्मुचक में निकाला पैदल मार्च
भास्कर इंडिया लाइव

डोईवाला चमन लाल। भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता के विरोध में परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को धर्मुचक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क से सत्याग्रह मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण मार्च के माध्यम से सामाजिक समानता, संविधान के सम्मान और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कांग्रेस के अनुसार, हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर गंगाजल से स्थल का शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में यह सत्याग्रह आयोजित किया गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
परवादून जिला कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित सत्याग्रह मार्च में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल और अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। मार्च बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, धर्मुचक से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ दलित नेता होने के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों के प्रबल समर्थक हैं। उनके कार्यक्रम के बाद गंगाजल से शुद्धिकरण किए जाने की कथित घटना सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी कथित भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि दलित समाज का अपमान किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या नेता के कार्यक्रम के बाद शुद्धिकरण जैसी सोच सामाजिक भेदभाव की मानसिकता को दर्शाती है। कांग्रेस ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी
डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट और नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि सत्याग्रह पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य सामाजिक समानता, संविधान के सम्मान और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दोहराना है।

सत्याग्रह में कांग्रेस प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, नरेंद्र चौहान, सेवादल जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, उमेद बोरा, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, हाजी अब्दुल वहीद, जिला महासचिव राहुल सैनी, मनीष उपाध्याय, स्वतंत्र बिष्ट, गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, बीडीसी हरि किशोर, बीरेन्द्र कुमार, मोहित कर्पवान, इंद्रजीत सिंह, शार्दूल नेगी, मनोज पाल, मंडलम अध्यक्ष तेजपाल सिंह मोंटी, संदीप थापा, युवराज पुन, साजिद अली, बलबीर सिंह बिंदा, रेखा कांडपाल सती, विनय मुरली, सीता राम, भारत भूषण कौशल, बाबूलाल, विमल गोला, मनोज रावत, महेश लोधी, शुभम काम्बोज, राजेंद्र सिंह, सुभाष थापा, नंदन नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



