
देहरादून एयरपोर्ट पर गूंजा देशभक्ति का संदेश, निकली भव्य तिरंगा यात्रा
ITBP बैंड की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति ने बांधा समां, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का दिया संदेश
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून, चमन लाल 14 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस 2026 एवं राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देहरादून एयरपोर्ट पर शुक्रवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के बैंड ने शानदार एवं मनमोहक देशभक्ति प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में जोश और उत्साह भर दिया।

तिरंगा यात्रा में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), विभिन्न एयरलाइंस तथा एयरपोर्ट से जुड़े अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
विमानपत्तन निदेशक श्री बी.सी.एच. नेगी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न हितधारक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

विमानपत्तन निदेशक श्री बी.सी.एच. नेगी ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न हितधारक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान एयरपोर्ट परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ITBP बैंड की शानदार संगीतमय प्रस्तुति रही। बैंड की देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों ने यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मियों और अन्य उपस्थित लोगों में उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति का संचार किया। प्रस्तुति ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की गरिमा को और बढ़ा दिया।
देहरादून एयरपोर्ट पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से देहरादून एयरपोर्ट समुदाय ने तिरंगे को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बताते हुए उसके प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाने का संकल्प दोहराया गया।



