
तिरंगे के रंग में रंगा डोईवाला, रेडियंट स्कूल ने निकाली देशभक्ति रैली
भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंजा शहर, हर घर तिरंगा लगाने का किया आह्वान
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रेडियंट पब्लिक स्कूल की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व स्कूल प्रबंधक रामेश्वर प्रसाद लोधी ने किया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली के दौरान लोगों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील भी की गई।
रैली रेडियंट पब्लिक स्कूल परिसर से शुरू हुई और प्रेमनगर बाजार, शुगर मिल, मिल रोड तथा चौक बाजार होते हुए ब्लॉक परिसर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली में शामिल विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। बाजार में लोगों ने भी रैली का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर नागरिक को तिरंगे के सम्मान के साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घर पर तिरंगा लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश समाज तक पहुंचना सराहनीय पहल है।
स्कूल प्रबंधक रामेश्वर प्रसाद लोधी ने कहा कि रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि रैली में छात्र-छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का काम करते हैं।
रैली में पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, डॉ सुमेर चंद रवि,संजीव लोधी, राजकुमार राज, राकेश लोधी, किशन नेगी, दीवान सिंह रावत,दरपान बोरा, कैलाश जोशी, गुड्डू मिश्रा, विक्रम नेगी, सुखदेव चौहान, अनीता, तरसेम सिंह राजा, जसविंदर सिंह डाली, विक्रम सिंह, शिवानी जोशी, सुनीता बलोदी, सुष्मिता थापा आदि के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



