
शेड अस्पताल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। शेड अस्पताल में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शेड अस्पताल डायलिसिस सेंटर के मैनेजर मनिंदर सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अस्पताल परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
मनिंदर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ देश की प्रगति में अपना योगदान देना चाहिए।
वहीं, शेड अस्पताल के प्रबंधक डॉ. महेश चंद्र जुगरान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर देशभक्ति की भावना होनी चाहिए और हमें अपने कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। अस्पताल के कर्मचारियों और उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ शिवानी, आनन्द उपाध्याय, एडवोकेट डॉ सुनील वर्मा, पुष्पा देवी और तमाम स्टाफ के लोग उपस्थित थे



