
राष्ट्रीय नौकायन प्रतियोगिता में आदित्य रावत ने जीता स्वर्ण पदक, डोईवाला का बढ़ाया गौरव
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
डोईवाला विधानसभा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व और हर्ष का विषय है कि भानियावाला निवासी संदीप रावत एवं श्रीमती हिमानी रावत के सुपुत्र आदित्य रावत ने राष्ट्रीय स्तर की नौकायन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

आदित्य रावत की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला एवं नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कान्हरवाला स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने आदित्य की सफलता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और निरंतर आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद दिया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि आदित्य रावत की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने न केवल अपने परिवार और क्षेत्र, बल्कि पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने भी आदित्य को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री कर्नल रघुवीर भंडारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता राजन गोयल, देवेंद्र सेमल्टी, कैप्टन भगत सिंह राणा, राजेंद्र बढ़ोनी, प्रेम सिंह पम्मी राज सहित अन्य लोगों ने भी आदित्य रावत को स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आदित्य रावत की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे।



