
सड़क पर निर्माण सामग्री व कूड़ा फेंकने पर ठेकेदार से ₹10 हजार जुर्माना वसूला
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
अधिशासी अधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका की टीम ने बुधवार को सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान भानियावाला क्षेत्र में एक भवन निर्माण के दौरान सड़क पर कूड़ा एवं निर्माण सामग्री डालते हुए ठेकेदार को पकड़ा गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा मकान निर्माण के दौरान फर्नीचर, प्लास्टिक सहित अन्य अपशिष्ट सामग्री सड़क पर डाली जा रही थी। नगर पालिका टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए ठेकेदार से ₹10,000 का जुर्माना वसूल किया। साथ ही भविष्य में सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा एवं निर्माण सामग्री न डालने की हिदायत दी गई।
नगर पालिका अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत, सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सुपरवाइजर तपस, अमित सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



