
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने श्रमिकों को बांटी पोषण किट, 700 श्रमिक हुए लाभान्वित
डोईवाला। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बालाजी फार्म में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत श्रमिक कल्याण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। इस दौरान विधायक ने श्रमिकों को पोषण एवं स्वच्छता किट सहित आवश्यक सामग्री वितरित की
कैंप में मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री पोषण सामग्री योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना एवं मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना के तहत श्रमिकों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य शिविर में श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए 44 प्रकार के परीक्षण निःशुल्क किए गए।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं स्वच्छता को लेकर लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि श्रमिकों के कल्याण के लिए आयोजित यह कैंप बेहद महत्वपूर्ण पहल है। नगर पालिका क्षेत्र में अधिक से अधिक श्रमिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएं श्रमिक परिवारों तक पहुंचने से उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
सभासद अमित कुमार ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में पहली बार इस स्तर के विशाल श्रमिक कल्याण कैंप का आयोजन किया गया है। वार्ड संख्या 11 और 12 के करीब 700 श्रमिकों को पोषण किट वितरित की गईं। साथ ही श्रमिकों के लिए 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच निःशुल्क कराई गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित में इस तरह के कैंप आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त श्रम विभाग शैलेश सती, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, पूर्व प्रधान राज कुमार राज, वार्ड सदस्य कुसुम शर्मा, बूथ अध्यक्ष पूनम थापा, बूथ अध्यक्ष अमर शर्मा, नंद किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में श्रमिकों के सम्मान और उनके परिवारों के कल्याण को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया गया। साथ ही पात्र श्रमिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही गई।



