
शहीद दुर्गा मल्ल के शहादत दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि, राष्ट्रप्रेम की भावना को किया स्मरण
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला, देहरादून में अमर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने शहीद दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य डॉ. संगीता बहुगुणा ने मेजर शहीद दुर्गा मल्ल के जीवन, संघर्ष और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शहीद दुर्गा मल्ल का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने, राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि शहीद दुर्गा मल्ल ने मातृभूमि की रक्षा और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उनकी शहादत सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा शहीद दुर्गा मल्ल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैप्टन राणा ने भी शहीद दुर्गा मल्ल के जीवन से जुड़ी घटनाओं एवं उनके साहस और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पवन सैनी, आदर्श, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी, वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष अमित कुमार, प्रिंस शर्मा, कैप्टन राणा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्रसंघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पूनम भूषण ने किया।



