
लायंस क्लब ने मेधावी छात्रों और प्रधानाचार्य को किया शिक्षा रत्न पुरस्कार से सम्मानित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। लायंस क्लब डोईवाला इकाई की ओर से पब्लिक इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के टॉपर छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘शिक्षा रत्न पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
गुरुवार को पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल तथा हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं आरूशा परवीन, शिफा और बुशरा को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष भोला सिंह चौधरी ने कहा कि क्लब अपने सामाजिक दायित्वों का निरंतर निर्वहन कर रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उन्हें प्रोत्साहित करना और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
क्लब के सचिव जसवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अभिनव एवं सराहनीय कार्य करने वाले विद्यालयों, शिक्षकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर लायंस क्लब उनका हौसला बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने से विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने सम्मान के लिए लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान विद्यार्थियों और शिक्षकों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर लायंस क्लब के नरेंद्र सिंह चौहान, रंजन मल्होत्रा, चंद्र मोहन कोठियाल, चंडी प्रसाद थपलियाल एवं एसपी रावत सहित विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, अश्वनी गुप्ता, चेतन प्रसाद कोठारी और मयंक शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने किया।



