
जवानों के लिए पब्लिक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने बनाई आकर्षक राखियां
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और रक्षा के संकल्प का पर्व रक्षाबंधन इस बार पब्लिक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों और नागरिक पुलिस के जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं। विद्यालय की ओर से ये राखियां कोतवाली डोईवाला को भेंट की गईं।
गुरुवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न घरेलू एवं उपलब्ध सामग्री का उपयोग कर रचनात्मक ढंग से राखियां तैयार कीं। बच्चों ने राखियों को आकर्षक रूप देने के लिए अपनी कला एवं हुनर का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने कहा कि पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक मूल्यों के परिचायक होते हैं। ऐसे पर्वों को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाने के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझना चाहिए।
कार्यक्रम के संयोजक शिक्षक अश्वनी गुप्ता ने बताया कि विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रत्येक वर्ष देश की रक्षा में तैनात जवानों के लिए राखियां तैयार की जाती हैं, जिन्हें आर्मी हेडक्वार्टर भेजा जाता है। इस वर्ष विद्यार्थियों द्वारा तैयार राखियां कोतवाली डोईवाला को भेंट की गई हैं। उन्होंने बताया कि सुंदर एवं रचनात्मक राखियां तैयार करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजन में शिक्षिकाओं नीलम बिष्ट, प्रिया तथा शिक्षक चेतन प्रसाद कोठारी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, ओमप्रकाश काला, तेजवीर सिंह एवं मयंक शर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।



