
रक्त से लिखी OPS बहाली की पुकार: देहरादून में कर्मचारियों ने किया विशाल रक्तदान, मुख्यमंत्री को सौंपा रक्त लिखित पत्र
भास्कर इंडिया लाइव
देहरादून चमन लाल।
पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, जनपद देहरादून की ओर से सोमवार को आईएमए ब्लड बैंक, बल्लूपुर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक सेवा के साथ-साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को भी मजबूती से उठाया।

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारियों द्वारा रक्त से लिखा गया पत्र रहा। कर्मचारियों ने अपने रक्त से पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से उत्तराखंड में पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल करने की अपील की। इस अनूठे अभियान के माध्यम से कर्मचारियों ने सरकार तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया कि OPS की मांग उनके सम्मानजनक और सुरक्षित भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। रक्त से लिखा यह पत्र मुख्यमंत्री के समन्वयक दलबीर दानू के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.पी. सिंह रावत ने कहा कि कर्मचारियों ने रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा करने के साथ-साथ अपने रक्त से पत्र लिखकर अपने सुरक्षित भविष्य की आवाज भी सरकार तक पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान कर्मचारियों की भावनाओं और OPS बहाली के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
जनपद अध्यक्ष अवधेश सेमवाल ने कहा कि रक्तदान शिविर में कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कार्मिकों में व्यापक एकजुटता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों की इस संवेदनशील मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
जनपद महामंत्री अभिषेक नवानी ने कहा कि कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाया और साथ ही OPS बहाली की मांग को प्रभावी ढंग से सरकार तक पहुंचाया। उन्होंने सरकार से कर्मचारी हित में जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।
कार्यक्रम में महिला कार्मिकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। महिला उपाध्यक्ष प्रीति पंत ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल कर्मचारियों का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह उनके परिवारों के भविष्य की सुरक्षा से भी जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि महिला कार्मिक भी पूरी मजबूती के साथ OPS बहाली की मांग के समर्थन में खड़ी हैं।
संयुक्त सचिव रीतू कोठारी ने कहा कि रक्तदान महादान है। कर्मचारियों ने इस पुनीत कार्य के साथ अपने अधिकार और सुरक्षित भविष्य की आवाज भी बुलंद की है। संगठन मंत्री शुभम चौधरी ने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण रहा। रक्त से लिखा पत्र सरकार तक कर्मचारियों की भावनाएं पहुंचाने का अनूठा प्रयास है।
समन्वयक आलोक जोशी ने कहा कि आयोजन कर्मचारी हित और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम रहा। एक ओर कर्मचारियों ने रक्तदान कर जरूरतमंदों का जीवन बचाने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर रक्त से पत्र लिखकर अपने सुरक्षित भविष्य की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाई।
कोषाध्यक्ष हिमांशु रावत ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने सरकार से चुनाव से पूर्व कर्मचारी हित में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की।
मोर्चे के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि उत्तराखंड के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग पर शीघ्र सकारात्मक और न्यायपूर्ण निर्णय लिया जाए।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज अवस्थी, महासचिव सीताराम पोखरियाल, प्रभारी विक्रम रावत, मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा, पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री संजय भास्कर, जिला अध्यक्ष आशीष जोशी, परीक्षित सागर, आलोक जोशी, प्रेम रावत, हिमांशु रावत, राजीव उनियाल, हरीश पांडे, केदार फर्स्वाण, प्रवीण पंवार, आलोक उनियाल, सुभाष रतूड़ी, लक्ष्मी कठैत, सीमा भंडारी, राजेश्वरी पंवार, मधु जोशी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



