
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर पालिका डोईवाला की पहल, व्यापारियों ने चलाया ‘प्लास्टिक दान’ अभियान
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद डोईवाला द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर रोक लगाने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को मुख्य बाजार डोईवाला में ‘प्लास्टिक दान कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका की टीम ने बाजार क्षेत्र में व्यापारियों से संपर्क कर सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित किया। इस दौरान मुख्य बाजार के व्यापारियों ने अभियान को सकारात्मक समर्थन देते हुए अपने प्रतिष्ठानों में मौजूद सिंगल यूज प्लास्टिक नगर पालिका टीम को दान किया। व्यापारियों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी प्लास्टिक के उपयोग को कम करने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
नगर पालिका की टीम ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और इसके स्थान पर कपड़े अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का प्रयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त डोईवाला बनाने के लिए नगर पालिका के साथ-साथ व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।
अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत,
सफाई निरीक्षक संकेत कुमार, सुपरवाइजर नीरज, सुरेंद्र, विनीत, प्रवीण, अंकित सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



