
बच्चों के साथ खुशियां बांटकर डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने मनाया जन्मदिन
भास्कर इंडिया लाइव
‘अपना घर’ बाल एवं महिला उत्थान संस्था के बच्चों के बीच पहुंचकर विधायक ने साझा किए खुशी के पल
डोईवाला। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सादगी और आत्मीयता के साथ ‘अपना घर’ बाल एवं महिला उत्थान संस्था के बालक-बालिकाओं के साथ समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। विधायक के संस्था पहुंचने पर बच्चों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक बृजभूषण गैरोला ने बच्चों से बातचीत की और उनके साथ कुछ समय बिताया। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ खुशियां साझा करना और उनके चेहरों पर मुस्कान देखना उनके लिए किसी अनमोल उपहार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जीवन की सच्ची खुशी अपनी खुशियों को दूसरों के साथ बांटने में ही निहित है।
उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंद और वंचित बच्चों के जीवन में खुशियां लाने तथा उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने में अपना योगदान दे।
विधायक ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उनके जीवन में सदैव खुशियां बनी रहें और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए भरपूर अवसर प्राप्त हों।
इस दौरान ‘अपना घर’ संस्था के बालक-बालिकाओं सहित संस्था से जुड़े लोग एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। बच्चों के साथ बिताए इन भावुक और आत्मीय पलों ने विधायक के जन्मदिन को यादगार बना दिया।



