
शुगर मिल के नवनियुक्त ईडी से मिले जनप्रतिनिधि व भाजपा नेता
भास्कर इंडिया लाइव
गन्ना किसानों और मिल कर्मचारियों की समस्याओं से कराया अवगत, समाधान का मिला आश्वासन
डोईवाला चमन लाल।
चीनी मिल के नवनियुक्त अधिशासी निदेशक (ED) अजय वीर सिंह से शनिवार को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों और चीनी मिल कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों को प्रमुखता से उनके समक्ष रखा।
नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी (नंदू प्रधान) एवं वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व राज्य मंत्री करण बोहरा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त ईडी का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आगामी पेराई सत्र की तैयारियों, गन्ना किसानों से जुड़े विषयों तथा मिल कर्मचारियों की लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मिल के सुचारु संचालन और किसानों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। नवनियुक्त अधिशासी निदेशक अजय वीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया।
जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि नए अधिशासी निदेशक के कार्यभार संभालने के बाद चीनी मिल के संचालन में और अधिक सुधार होगा तथा गन्ना किसानों एवं कर्मचारियों से जुड़े विषयों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता पवन सैनी, प्रेम पांचाल, अरुण सोलंकी, विनीत मनवाल, राममिलन और दीवान सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



