
एसडीआरएफ जॉलीग्रांट में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव
बच्चों और प्रशिक्षु आरक्षियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, सेनानायक ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव हर्षोल्लास, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान वाहिनी मुख्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। अधिकारियों एवं जवानों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया और सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव के अवसर पर एसडीआरएफ के आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसजनों के परिवारजनों एवं बच्चों ने विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं वाहिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों ने भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस अवसर पर सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने बच्चों एवं सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों और जवानों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास और उत्साह का संचार करते हैं।
सेनानायक ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन वाहिनी परिवार के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों से जवानों एवं उनके परिवारों को कार्य के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में सेनानायक ने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जवानों, प्रशिक्षु आरक्षियों एवं उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत, सहायक सेनानायक संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत सहित एसडीआरएफ वाहिनी के अधिकारी, कर्मचारी, जवान, प्रशिक्षु आरक्षी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।



