
कांसरो रेंज में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, जंगल को कूड़ा मुक्त कर मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने की पहल
झबरावाला-बुल्लावाला में वन विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर हटाया प्लास्टिक व घरेलू कचरा, पर्यावरण संरक्षण की ली शपथ
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
कांसरो रेंज के जंगल से सटे झबरावाला और बुल्लावाला ग्रामीण क्षेत्रों में वन विभाग की ओर से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जंगल और उसके आसपास जमा कूड़े-कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाना तथा कचरे के कारण आबादी क्षेत्र में पहुंचने वाले वन्यजीवों की समस्या को कम करना रहा। अभियान का नेतृत्व कांसरो रेंज की वन क्षेत्राधिकारी शीतल सिंह ने किया।
अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों ने भी सक्रिय भागीदारी की। टीम ने जंगल के किनारे और जंगल के भीतर पड़े प्लास्टिक कचरे, घरेलू अपशिष्ट तथा अन्य कूड़े को एकत्रित कर हटाया। कचरे के निस्तारण के लिए जेसीबी और ट्रैक्टर की सहायता ली गई।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि जंगल के आसपास खुले में कूड़ा फेंकने से उसमें मौजूद खाद्य सामग्री की ओर जंगली जानवर आकर्षित होते हैं। भोजन की तलाश में हाथी सहित अन्य वन्यजीव कई बार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर पहुंच जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जंगल और उसके आसपास स्वच्छता बनाए रखना वन्यजीवों और ग्रामीणों, दोनों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।
अभियान के दौरान वन कर्मियों और ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। सभी ने जंगल को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा आसपास कूड़ा न फैलाने का संकल्प लिया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों का कचरा जंगल अथवा उसके आसपास न डालें और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
वन क्षेत्राधिकारी शीतल सिंह ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जंगल को कूड़ा मुक्त रखना और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करना है। झबरावाला और बुल्लावाला क्षेत्र में सफाई अभियान के साथ ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कचरे में भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी की ओर आकर्षित होते हैं, जिससे दोनों पक्षों के लिए खतरा उत्पन्न होता है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का बहिष्कार करने, जंगल में कूड़ा न डालने और पर्यावरण संरक्षण में वन विभाग का सहयोग करने की अपील की।
अभियान में कांसरो रेंज का समस्त स्टाफ, वन दरोगा, वन रक्षक, फायर वॉचर तथा झबरावाला और बुल्लावाला के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने वन विभाग की पहल की सराहना करते हुए जंगल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया



