
*उफनती हुड्डी नदी के बीच एसडीआरएफ का साहसिक रेस्क्यू, दूसरी ओर फंसे तीन लोगों को सकुशल निकाला*
भास्कर इंडिया लाइव
शनिवार 05 सितंबर 2026 को जनपद चंपावत के छीनीगोठ क्षेत्र में हुड्डी नदी का जलस्तर एवं वेग अचानक बढ़ने से नदी के दूसरी ओर तीन लोग फंस गए। तीनों पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गए थे, इसी दौरान नदी का प्रवाह तेज हो जाने के कारण उनके वापस लौटने का मार्ग अवरुद्ध हो गया।
स्थानीय पटवारी द्वारा सूचना दिए जाने पर पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों एवं वाहन के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ जवानों के सामने तेज बहाव वाली नदी को पार कर फंसे हुए लोगों तक पहुंचने की चुनौती थी। विषम परिस्थितियों और नदी के बढ़ते वेग के बीच टीम ने अदम्य साहस, सूझबूझ एवं रेस्क्यू कौशल का परिचय देते हुए अभियान को आगे बढ़ाया।
एसडीआरएफ जवानों ने कठिन परिस्थितियों में सुरक्षित रेस्क्यू तकनीकों का प्रयोग करते हुए नदी के दूसरी ओर फंसे तीन लोग पार्वती तिवारी ,मुकेश जोशी, दीपक तिवारी निवासी छीनीगोठ तक पहुंच बनाई और एक-एक कर तीनों को सकुशल सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।



