
स्वच्छता पखवाड़े में छात्रों को बांटे कपड़े के थैले, पॉलीथिन का प्रयोग न करने का लिया संकल्प
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमन लाल।
पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में स्वच्छता पखवाड़े के तहत नगर पालिका के सहयोग से छात्र-छात्राओं को कपड़े के थैले वितरित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने तथा पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करने का संकल्प लिया।
सोमवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका के सतीश चंद ने कहा कि प्लास्टिक और पॉलीथिन पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा हैं। यदि हम अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना चाहते हैं तो पॉलीथिन के उपयोग से बचना होगा। उन्होंने लोगों से कपड़े के थैलों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल और स्वच्छता पखवाड़े के नोडल अधिकारी अश्वनी गुप्ता ने कहा कि 1 सितंबर से 15 सितंबर तक चलने वाले स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विद्यालय में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और समाज में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है। उन्होंने अभियान में नगर पालिका द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।
कार्यक्रम में नगर पालिका के सुपरवाइजर सुरेंद्र कुमार, नीरज कुमार, गौरव मचल, विनीत और दीपांशु के साथ विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक आलोक जोशी, तेजवीर सिंह, ओमप्रकाश काला, राधा गुप्ता, पूजा जोशी, गौरव रावत, मयंक शर्मा सहित अन्य शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



