
छात्रसंघ चुनाव: डोईवाला कॉलेज में छह पदों पर 19 प्रत्याशी मैदान में
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई, एबीवीपी और यूएसएफ के बीच मुकाबला, 26 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल।
शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बज चुका है। बृहस्पतिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही छह पदों के लिए कुल 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर गए हैं।
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई, एबीवीपी और यूएसएफ के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होने से चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए तीन, उपाध्यक्ष के लिए चार तथा सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए तीन-तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई से वंश खत्री, एबीवीपी से दीपक नौटियाल और यूएसएफ से मोहित मंमगाई ने नामांकन किया है। उपाध्यक्ष पद के लिए जयदीप, रोहन पाल, जितेंद्र सिंह रावत और निर्दलीय सूरज सिंह मेहर ने नामांकन कराया।
सचिव पद पर आयुष कृषाली, प्रिंस और हिमांशु नेगी ने नामांकन दाखिल किया। छात्राओं के लिए आरक्षित सह-सचिव पद पर वंदना, अंचल और वंशिका मैदान में हैं। वहीं, छात्राओं के लिए आरक्षित कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि, पलक और शालिनी ने नामांकन किया है।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए अतुल सिंह, प्रियांशु कृषाली और हिमांशी नेगी ने नामांकन दाखिल किया।
26 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर राजनीतिक और छात्र गतिविधियां तेज हो गई हैं। अब प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी।



