
उत्तराखंड के वीर सपूतों का अपमान बर्दाश्त नहीं: तड़ियाल
अजीत डोभाल और जनरल बिपिन रावत उत्तराखंड के गौरव: भाजपा जिलाध्यक्ष
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी के विरोध में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा। गुरुवार को भानियावाला स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल ने अपना पूरा जीवन देश की सुरक्षा के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उत्तराखंड की जनभावनाओं और स्वाभिमान को आहत करने वाला है।
राजेंद्र तड़ियाल ने कहा कि स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल दोनों उत्तराखंड की धरती के गौरव और देश के लिए समर्पित वीर सपूत हैं। जनरल बिपिन रावत ने भारतीय सेना के सर्वोच्च पद तक पहुंचकर देश का नेतृत्व किया, जबकि अजीत डोभाल ने लंबे समय से राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों के प्रति राजनीतिक बयानबाजी में भी भाषा की मर्यादा बनाए रखी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों पर टिप्पणी करते समय संवेदनशीलता और मर्यादा का ध्यान रखना आवश्यक है। उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां की जनता देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले अपने सपूतों का सम्मान करती है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सेना और सैनिकों के सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और गलवान घाटी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीति करने के बजाय देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले सैनिकों और अधिकारियों के योगदान का सम्मान किया जाना चाहिए।
तड़ियाल ने कहा कि जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय हैं और उनके योगदान को प्रदेश की जनता हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखती है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रभान पाल, जिला मीडिया प्रभारी मनीष छेत्री, संपूर्ण रावत, पुष्पा ध्यानी, विनोद शास्त्री, मनोज कांबोज, मनीष यादव, शेखर कुमार और उमेद बोहरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



