
शहीदों के बलिदान को स्मरण रखना हमारा दायित्व : श्याम सुंदर गौतम
शहीदों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, तिरंगे के साथ निकली भव्य कलश यात्रा
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला, चमनलाल।
वीर शहीद सैनिकों और शहीद राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए सोसायटी ऑफ मिशन 4जी प्लस के तत्वावधान में नाइन पाम, जोगीवाला में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।
कथा के प्रथम दिन क्षेत्र की महिलाओं एवं कीर्तन मंडलियों ने तिरंगे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर देशभक्ति और श्रद्धा का संदेश दिया।
आयोजन के दौरान शहीद दीपक नैनवाल, शहीद विनोद भंडारी, शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट एवं शहीद राम प्रसाद पुरोहित के परिजनों तथा शहीद राज्य आंदोलनकारी राजेश रावत के परिजनों को सम्मानित किया गया।
कथा व्यास आचार्य श्याम सुंदर गौतम महाराज ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराते हुए कहा कि भागवत कथा भक्ति, संस्कार, सद्भाव और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखना हमारा दायित्व है। उनकी वीरगाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की जिम्मेदारी है, ताकि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशसेवा की भावना मजबूत हो।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहीदों की स्मृति में आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ उनके बलिदान को नमन करने का अवसर भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर आयोजन का लाभ लेने का आह्वान किया।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि शहीदों की स्मृति से जुड़ा यह आयोजन समाज में देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने महिलाओं और कीर्तन मंडलियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष सुभाष भट्ट, राकेश उनियाल, अनुज पुरोहित, वंदना रावत, कविता भट्ट, गीतांजलि, डॉ. लक्ष्मण सिंह बिष्ट, सूबेदार जीत सिंह गुसाईं, सूबेदार दर्शन सिंह बिष्ट, सूबेदार सुमन सिंह साजवान, कैप्टन जितेंद्र सिंह मियां, कैप्टन बलवंत सिंह पंवार, ईरा कुकरेती, ज्योतिका पांडे, कामना ममगाई, अर्चना सती, विमला शर्मा, नीतू रावत, नीतू कंडारी, सविता भट्ट, केके रैना, अनिता बिष्ट, दीपा रावत सहित क्षेत्र की अनेक महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।