
डोईवाला में न्यायालय भवन के लिए भूमि का संयुक्त निरीक्षण
धर्मूचक, सीपेट की पुरानी बिल्डिंग और लच्छीवाला में देखी गई भूमि, उपयुक्त स्थल चयन की प्रक्रिया तेज
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। डोईवाला क्षेत्र में प्रस्तावित न्यायालय भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परवादून बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर के लिए विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध भूमि का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान धर्मूचक, सीपेट कॉलेज की पुरानी बिल्डिंग तथा लच्छीवाला क्षेत्र में भूमि का जायजा लेकर न्यायालय परिसर के लिए उसकी उपयुक्तता, पहुंच और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।
डोईवाला में नई अदालत की स्थापना के लिए लंबे समय से उपयुक्त भूमि की तलाश की जा रही है। प्रस्तावित न्यायालय परिसर में सिविल जज सीनियर डिवीजन, फैमिली कोर्ट और अपर जिला जज की अदालत स्थापित किए जाने की योजना है।
न्यायालय भवन का निर्माण होने से डोईवाला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
परवादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा ने कहा कि डोईवाला में न्यायालय की स्थापना के लिए बार एसोसिएशन लंबे समय से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर न्यायालय स्थापित होने से अधिवक्ताओं के साथ-साथ क्षेत्र की जनता को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए देहरादून आने-जाने की परेशानी से राहत मिल सकेगी।
बार एसोसिएशन के सचिव मनोहर सिंह सैनी ने कहा कि डोईवाला में नई अदालत की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
न्यायालय स्थापित होने से डोईवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही न्यायिक सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे लोगों के समय और संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद न्यायालय भवन के निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला जज देहरादून हरीश गोयल, सीजेएम देहरादून, एडीजे तृतीय, डोईवाला न्यायिक मजिस्ट्रेट सांची अग्रवाल, तहसीलदार डोईवाला बीरम सिंह सहित परवादून बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अतुल कुमार, मनीष धीमान, महेश लोधी, सुशील वर्मा ,संदीप जोशी, भव्य चमोला साकिर हुसैन, व्योम गोयल,सुमित, अरुण टम्टा, राहुल जैकब ,विवेक भंडारी, आदि मौजूद रहे।



