
डोईवाला में दिव्यांगजन शिविर में 98 लाभार्थियों का पंजीकरण, 1 अक्टूबर को मिलेंगे सहायक उपकरण
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल।
विकासखंड डोईवाला में समाज कल्याण विभाग देहरादून के सहयोग से दिव्यांगजन सहायता एवं सहायक उपकरण चिन्हीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। विभाग के अनुसार शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 98 लाभार्थियों का पंजीकरण एवं चिन्हीकरण किया गया।
शिविर में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के तहत 39 लोगों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान आधार कार्ड अपडेट करने के साथ ही विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र (UDID कार्ड) बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के तहत 55 वरिष्ठ नागरिकों तथा एडिप योजना (ADIP) के तहत चार दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया।
विभाग के अनुसार RVY एवं ADIP योजना के तहत चिन्हित लाभार्थियों को नियत तिथि पर निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें व्हीलचेयर, बैसाखी, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, कमर की बेल्ट, स्पाइनल बेल्ट, कमोड चेयर सहित जरूरत के अनुसार अन्य उपकरण शामिल हैं।
1 अक्टूबर को होगा उपकरण वितरण समारोह
पंजीकृत लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरण के लिए 1 अक्टूबर को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर, देहरादून में मुख्य वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। विभाग की ओर से सभी लाभार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी दूरभाष के माध्यम से दी जाएगी।
दिव्यांगजनों की सेवा हमारा कर्तव्य : ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों की सहायता करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी और हमारा कर्तव्य है। सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। डोईवाला ब्लॉक में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों का शिविर में पहुंचकर पंजीकरण कराना जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे और जरूरत के अनुसार सभी लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : बीडीओ
खंड विकास अधिकारी राजेंद्र बिष्ट ने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। दिव्यांगजन सहायता एवं उपकरण चिन्हीकरण शिविर इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ब्लॉक प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से शिविर में 98 लाभार्थियों का पंजीकरण एवं चिन्हीकरण किया गया है। उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को 1 अक्टूबर को आयोजित वितरण समारोह में सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी
समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है। शिविर में पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर लिया गया है। नियमानुसार उन्हें संबंधित योजनाओं के तहत निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।



