
सेवा संकल्प के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित
विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया शुभारंभ, एक ही स्थान पर मिली विभिन्न विभागों की सेवाओं की जानकारी
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। सेवा संकल्प के तहत शुक्रवार को विकासखंड डोईवाला परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और विभागीय सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।
शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, बाल विकास, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, राजस्व, श्रम, सहकारिता, जल संस्थान, विद्युत और सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभागीय स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी भी दी।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सेवा संकल्प के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे बहुउद्देशीय शिविरों से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी मिल रही है।
खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। शिविर में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में एसडीएम अपर्णा ढोडियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र ताड़ियाल, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सीएचसी के अधीक्षक डॉ. पीएस रावत, विद्युत उपखंड अधिकारी गिरिराज सैनी, उद्यान अधिकारी श्वेता चौहान, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. भारद्वाज, श्रम अधिकारी आनंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



