
जी इंस्टीट्यूट के 12 छात्रों का आईटीसी वेलकम होटल में चयन
छह माह की इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के दौरान होटल प्रबंधन की बारीकियां सीखेंगे छात्र
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। जी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के 12 छात्रों का चयन चंडीगढ़-मोहाली स्थित प्रतिष्ठित आईटीसी वेलकम होटल में छह माह की इंटर्नशिप एवं इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के लिए हुआ है। चयन प्रक्रिया के दौरान छात्रों के विभिन्न चरणों में इंटरव्यू लिए गए, जिसके बाद उनका चयन किया गया।
आईटीसी वेलकम होटल में प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को होटल के विभिन्न विभागों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। इससे उन्हें होटल प्रबंधन, आतिथ्य सेवा और संबंधित क्षेत्रों की कार्यप्रणाली की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा।
चयनित छात्रों में रोहित चमोली, सौरव डोभाल, अंशु, संजय सिंह, मयंक सिंह और सुनील सिंह सहित अन्य छात्र शामिल हैं। आईटीसी वेलकम के मानव संसाधन प्रबंधक राजदीप झा ने लगातार तीन दिनों तक छात्रों को ई-लर्निंग के माध्यम से होटल की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
जी इंस्टीट्यूट की प्रशिक्षण समन्वयक दीपलता पंवार ने छात्रों को प्रशिक्षण से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेज तैयार करने में सहयोग किया। चयन और प्रशिक्षण को लेकर छात्रों में उत्साह और खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित छात्रों को ट्रेनिंग नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी विक्रम सिंह रावत ने की। उन्होंने कहा कि होटल मैनेजमेंट युवाओं के लिए रोजगार और करियर की बेहतर संभावनाओं वाला क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि जी इंस्टीट्यूट विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर करियर मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कर अनेक विद्यार्थी देश-विदेश में होटल एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अर्जुन सिंह पुंडीर ने छात्रों को निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अध्ययनशील बने रहना और नई चीजें सीखने की ललक सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है।
इस अवसर पर शिक्षाविद दिलीप सिंह चौहान, हिमानी, सोनाली उनियाल, दीपलता पंवार, जतिन चौहान और हरेंद्र पंवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संस्थान के प्रबंधक डॉ. हेमचंद्र रियाल ने चयनित छात्रों को प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम मे उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया



