
एयरपोर्ट टर्मिनल में खुला ईश्वर कार रेंटल सर्विस काउंटर, यात्रियों को मिलेगी टैक्सी सुविधा
डोईवाला चमनलाल। देहरादून एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन के अंदर शुक्रवार को ईश्वर कार रेंटल टैक्सी समिति के सर्विस काउंटर का शुभारंभ किया गया। पूजा-अर्चना के बाद क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला और एयरपोर्ट निदेशक भूपेश.सीएच. नेगी ने संयुक्त रूप से काउंटर का उद्घाटन किया। काउंटर शुरू होने से हवाई यात्रियों को टर्मिनल भवन के अंदर ही टैक्सी सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर टैक्सी सर्विस काउंटर शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकले बिना ही अपनी आवश्यकता के अनुसार टैक्सी बुक कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से एयरपोर्ट से जुड़े टैक्सी चालकों को रोजगार और स्वरोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।
बताया गया कि देहरादून एयरपोर्ट पर पिछले कई महीनों से टर्मिनल भवन के अंदर टैक्सी काउंटर बंद था। इसके चलते हवाई यात्रियों को टर्मिनल से बाहर एयरपोर्ट परिसर में संचालित प्रीपेड टैक्सी सेवा का सहारा लेना पड़ता था। अब टर्मिनल भवन के अंदर ही काउंटर शुरू होने से यात्रियों को एयरपोर्ट से बाहर निकले बिना टैक्सी सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर सभासद राजेश भट्ट, सतीश नेगी, चंद्रमोहन कोठियाल, सुनील गुसाईं, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, कीर्ति नेगी, ललन यादव, नितिन, अमित कश्यप, अमन नेगी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



