
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनें नौनिहालों के पोषण, शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव रख रही हैं : दीप्ती रावत भारद्वाज
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल।विधानसभा क्षेत्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों का किया भ्रमण, कार्यकर्ती बहनों का किया सम्मान
डोईवाला। भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत संचालित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के तहत आज डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के केशवपुरी-4 एवं केशवपुरी-5 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर प्रदेश महामंत्री भाजपा श्रीमती दीप्ती रावत भारद्वाज ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनों से भेंट की तथा उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर श्रीमती दीप्ती रावत भारद्वाज ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों से संवाद किया और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रारंभिक शिक्षा एवं समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण का माध्यम नहीं, बल्कि उनके प्रारंभिक विकास, शिक्षा, संस्कार और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ नौनिहालों के संतुलित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं प्रारंभिक शिक्षा की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उनके प्रयास बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
श्रीमती दीप्ती रावत भारद्वाज ने कहा कि सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनों के साथ संवाद स्थापित करने तथा उनके अनुभवों एवं सुझावों को समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती बहनों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं विकास से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों का अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विनय कंडवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सम्पूर्ण सिंह रावत, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनीता गुरुंग, जिला मंत्री महिला मोर्चा ममता कोठियाल, बूथ अध्यक्ष पूनम थापा कार्यसमिति सदस्य सुनीता नौटियाल, रोहित क्षेत्री , चंदन जायसवाल, सन्नी प्रजापति, मुकेश राणा, निखिल गुप्ता सहित अनेक मातृशक्ति एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।



