
प्रेमनगर में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, मातृशक्ति और बच्चों के हितों पर हुआ संवाद
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रेमनगर-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं बच्चों से जुड़े पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिता गुरंग, सभासद रविंद्र बेलवाल, सभासद सुंदर लोधी, मंडल महामंत्री किरन रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आनंदमई यादव एवं लक्ष्मी जोशी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी ली। वक्ताओं ने कहा कि सशक्त मातृशक्ति, स्वस्थ बच्चे और संस्कारवान नई पीढ़ी ही मजबूत समाज एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल के साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मातृशक्ति और बच्चों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। उपस्थित लोगों ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्र में जागरूकता और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।



