
सेवा संकल्प दिवस पर पब्लिक इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राएं पुरस्कार व प्रमाण पत्र से सम्मानित
भास्कर इंडिया लाइव
डोईवाला चमनलाल। सेवा संकल्प दिवस के तहत पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला में गुरुवार को विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, नेपाली और पंजाबी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग जमा दिया। वहीं निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार की गई आर्ट गैलरी का अवलोकन किया। उन्होंने सेवा संकल्प दिवस के तहत बनाए गए चित्रों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की भावना विकसित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी पैदा करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा आरूशा एवं छात्र आयुष ने अपने भाषण के माध्यम से सेवा संकल्प दिवस के उद्देश्यों एवं इसके तहत किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों की संस्कृति को दर्शाते हुए गढ़वाली, नेपाली और पंजाबी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर अश्वनी गुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प दिवस के तहत छात्र-छात्राओं को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की नैसर्गिक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें सेवा, सामाजिक सरोकार और रचनात्मकता की भावना को विकसित करना है।
प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
निबंध प्रतियोगिता में ईशिका चौधरी ने प्रथम, शिवानी गुप्ता ने द्वितीय तथा सिदरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम, सुशांत द्वितीय तथा दीपांजली भारती तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक भुवनेश वर्मा, रत्नेश द्विवेदी, ओमप्रकाश काला, पूजा जोशी, राधा गुप्ता, अवधेश सेमवाल, सुदेश सहगल, तेजवीर सिंह, श्यामानंद, अनीता बलोदी, गौरव रावत, मनोज कुमार, नीलम, आफरीन, विदुषी, प्रिया, सहित चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा एवं श्रीपाल आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अश्विनी गुप्ता ने किया।



